आर्थिक तंगी से गुजर रहे राजपाल यादव को सोनू सूद ने दिया काम और सम्मान का तोहफा
कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव पिछले समय से आर्थिक और पेशेवर चुनौतियों से जूझ रहे थे। हाल ही में तिहाड़ जेल जाने से पहले वे काफी भावुक हुए थे और उन्होंने कहा था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और कोई रास्ता भी नहीं दिख रहा। इस कठिन समय में बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ने उनके लिए मदद का हाथ बढ़ाया।
सोनू सूद का मैसेज: “ये चैरिटी नहीं, सम्मान है”
सोनू सूद ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा:
“राजपाल यादव हमारी इंडस्ट्री के एक गिफ्टेड एक्टर हैं जिन्होंने सालों तक शानदार काम किया है। कभी-कभी जिंदगी अन्याय करती है, टैलेंट की वजह से नहीं बल्कि टाइमिंग की वजह से। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और यह एक छोटी साइनिंग अमाउंट के साथ होगा, जो आगे के काम के बदले एडजस्ट होगी। यह चैरिटी नहीं बल्कि सम्मान है।”
सोनू ने आगे कहा कि इंडस्ट्री को यह दिखाना चाहिए कि मुश्किल दौर में साथी अकेला नहीं है। उनका ये कदम न सिर्फ राजपाल यादव के लिए सहारा बना, बल्कि पूरे बॉलीवुड के लिए एक सच्ची मिसाल भी है।
सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं
सोनू के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर जमकर प्यार और समर्थन आया। कुछ रिएक्शंस इस तरह रहे:
- “नए लोगों को जब रोल्स नहीं मिलते थे, तब राजपाल ने उन्हें अपने घर में खाना खिलाया था। अब सोनू ने यह प्यार वापस किया। यही है बॉलीवुड का असली परिवार।”
- “सोनू जी हमेशा की तरह दिल जीत लिया। राजपाल यादव को यह दूसरा मौका मिलना चाहिए।”
- “मुश्किल वक्त में साथ निभाने का यह सबसे बड़ा उदाहरण है।”
राजपाल यादव की स्थिति
राजपाल यादव लंबे समय से आर्थिक तंगी और काम की कमी के चलते चुनौतियों का सामना कर रहे थे। उनकी कॉमेडी फिल्में आज भी दर्शकों को हंसाती हैं, लेकिन हाल के सालों में पर्सनल और प्रोफेशनल कारणों से उनकी मुश्किलें बढ़ गई थीं।
सोनू सूद का यह कदम राजपाल के लिए नई उम्मीद और इंडस्ट्री के लिए प्रेरणा बन गया है।