अलवर में तेज रफ्तार टेंपो ने स्कूल संचालक को कुचला, मौके पर मौत
अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल संचालक की मौत हो गई। 200 फीट रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर टेंपो के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान शिवाजी पार्क, अलवर निवासी 43 वर्षीय मुकेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वे केसरोली मोड़ पर एक प्राइवेट स्कूल का संचालन करते थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे मुकेश कुमार स्कूल से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए तेज रफ्तार टेंपो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर एनईबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने टेंपो को जब्त कर लिया है, जबकि चालक की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है।
मृतक के छोटे भाई महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मुकेश कुमार विवाहित थे, लेकिन उनकी पत्नी पीहर में रह रही थी। मुकेश कुमार के असमय निधन से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।