#देश दुनिया #राज्य-शहर

सरिस्का के जंगल में पैंथर का शिकारी अंदाज़, काली घाटी के पास चीतल का किया शिकार, टूरिस्टों ने कैमरे में कैद किया रोमांचक दृश्य

अलवर स्थित सरिस्का बाघ अभ्यारण की टहला रेंज में काली घाटी के पास जंगल में उस समय रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जब एक पैंथर ने चीतल का शिकार किया। यह पूरी घटना सफारी पर निकले पर्यटकों ने अपने कैमरों में कैद कर ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चीतल अपने झुंड के साथ शांत खड़ा था और उसे इस बात का बिल्कुल भी आभास नहीं था कि खतरा आसपास ही मंडरा रहा है। अचानक झाड़ियों से निकले पैंथर ने चीतल की गर्दन पर वार किया और अपने शक्तिशाली जबड़ों में दबोचकर उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। शिकार के दौरान चीतल की चीखें काफी देर तक सुनाई देती रहीं, जबकि बाकी झुंड शोर मचाता हुआ वहीं खड़ा रह गया।

इस अप्रत्याशित दृश्य को देखकर सफारी पर मौजूद पर्यटक काफी उत्साहित नजर आए। इन दिनों सरिस्का में टाइगर, टाइग्रेस के साथ-साथ पैंथर की लगातार साइटिंग हो रही है, जिससे पर्यटकों की संख्या में भी इज़ाफा हुआ है।

कुछ दिन पहले भी सरिस्का में पैंथर द्वारा शिकार करने के बाद उसे पेड़ पर चढ़कर खाते हुए देखा गया था। वहीं वाटर पॉइंट पर भी पैंथर की मौजूदगी पर्यटकों ने कैमरे में कैद की थी। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, पैंथर आमतौर पर टाइगर से बचने के लिए पेड़ों पर चढ़कर रहना ज्यादा सुरक्षित समझता है।

लगातार हो रही वन्यजीव साइटिंग के चलते सरिस्का बाघ अभ्यारण इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *