#Uncategorized

साफिया जुबेर खान बनीं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, अलवर में हुआ भव्य स्वागत…

अलवर | अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा साफिया जुबेर खान को महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने पर शुक्रवार को अलवर के फूल बाग में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

फूल बाग पहुंचने पर साफिया जुबेर खान ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का अभिनंदन किया। नेताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करने की उम्मीद जताई।

अपने संबोधन में साफिया जुबेर खान ने कहा कि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिलना संगठन के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस विश्वास पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरेंगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के खिलाफ अन्याय और अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यशैली के कारण महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिला कांग्रेस ऐसे सभी मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर साफिया जुबेर खान का स्वागत किया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही महिला कांग्रेस को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी आंदोलनों की रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महिला अधिकारों की लड़ाई को और तेज करने का संदेश दिया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *