रामगढ़ ओडेला खान हादसा: सातवें दिन मिला जूता, लापता पोकलेन ऑपरेटर के भाई ने लीज मालिकों पर दर्ज कराया मामला
अलवर जिले के रामगढ़ स्थित ओडेला खान हादसे में लापता पोकलेन ऑपरेटर रामानंद तिवारी का सातवें दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। बुधवार को बचाव दल को पानी से भरी गहरी खाई में एक जूता तैरता हुआ मिला, जिसे परिजनों ने रामानंद का बताया है।
इस घटनाक्रम के बाद रामानंद के भाई सदानंद तिवारी ने खनन लीज संख्या 414-415 के मालिक और खनिज विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रामानंद पिछले तीन महीनों से उक्त लीज पर पोकलेन मशीन चला रहा था, लेकिन उसे वेतन नहीं दिया गया और केवल भोजन देकर काम कराया जाता था। साथ ही, उसे डराकर और बंधक बनाकर काम करवाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि लीज क्षेत्र में अवैध खनन के कारण 100 से 150 फीट गहरा गड्ढा हो चुका है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। बताया जा रहा है कि लगभग 300 फीट गहरी खान में 100 से 125 फीट तक पानी भरा हुआ है।
खनिज अधिकारी मनोज शर्मा के अनुसार पानी निकालने के लिए 75 एचपी के दो, 60, 50 और 25 एचपी के एक-एक पंप सहित कुल पांच पंपिंग सेट लगाए गए हैं। बीस घंटे की पंपिंग के बाद जलस्तर लगभग डेढ़ फीट कम हुआ है। गुरुवार को फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।