रामगढ़ में किराना सामान लेने गई विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। किराना का सामान लेने गई एक विवाहिता के साथ दो युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता अपने पिता के साथ रामगढ़ थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि वह पास की एक किराना दुकान पर सामान लेने गई थी। इसी दौरान दुकान संचालक और उसके एक साथी ने उसे जबरन दुकान के अंदर खींच लिया और उसकी इच्छा के विरुद्ध बारी-बारी से दुष्कर्म किया। बताया गया है कि आरोपी किराए की दुकान में परचून का व्यवसाय करते हैं।
शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया। रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।