फुलेरा दूज पर राजगढ़ में आदिवासी मीणा समाज का पहला सामूहिक विवाह सम्मेलन, 19 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में…
आदिवासी मीणा समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के तत्वावधान में फुलेरा दूज के पावन अवसर पर क्षेत्र के अनावड़ा गांव स्थित संत बाबा रामदेव आश्रम के समीप प्रथम सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 19 जोड़े विधिवत वैवाहिक बंधन में बंधे।
सम्मेलन समिति के संयोजक इंजीनियर रामगोपाल मीणा ने बताया कि सामूहिक विवाह के तहत संत बाबा रामदेव मंदिर से दूल्हों की सामूहिक निकासी निकाली गई, जो मुख्य मार्गों से होती हुई विवाह स्थल इंदरगढ़ पहुंची। वहां सभी वरों का सामूहिक तोरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तोरण के दौरान पुष्प वर्षा कर दूल्हों और बारातियों का पारंपरिक स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुरारी लाल मीणा ने कहा कि राजगढ़ क्षेत्र में मीणा समाज का यह पहला सामूहिक विवाह सम्मेलन है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है और विवाह जैसे आयोजनों में होने वाले अनावश्यक खर्च पर भी नियंत्रण लगता है। सामूहिक विवाह से कई सामाजिक समस्याओं का समाधान स्वाभाविक रूप से हो जाता है।
कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला।