Rajasthan Protest: हनुमानगढ़ किसान आंदोलन में राकेश टिकैत की एंट्री, 17 दिसंबर को महापंचायत
हनुमानगढ़ में किसान आंदोलन का मामला गरमाया
हनुमानगढ़ में किसान आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया है। 17 दिसंबर को हनुमानगढ़ जिला कलेक्ट्रेट पर महापंचायत आयोजित होगी, जिसमें राकेश टिकैत समेत कई बड़े किसान नेता शामिल होंगे। आंदोलन अब केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि संसद में भी इसकी गूंज सुनाई दे रही है।
महापंचायत में शामिल होंगे किसान नेता और संगठन
पूर्व विधायक बलवान पूनिया के अनुसार, इस महापंचायत में कई किसान यूनियनों और संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। किसानों और स्थानीय नेताओं का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक वे निर्माणाधीन एथेनॉल कारखाने के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखेंगे। हालांकि, 11 दिसंबर को सुबह को इकट्ठा होने वाले किसानों और ग्रामीणों को पुलिस ने रोक दिया था।
तीसरे दिन भी इंटरनेट सेवा बंद
टिब्बी के राठीखेड़ा में एथेनॉल फैक्ट्री में आगजनी के बाद 12 दिसंबर को तीसरे दिन भी इंटरनेट सेवा बंद रही। फैक्ट्री के आसपास पुलिस जाब्ता तैनात है। माहौल फिलहाल शांतिपूर्ण है, लेकिन प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सादुलशहर के विधायक गुरवीर सिंह बराड़ ने किसानों और महिलाओं से मुलाकात कर उनकी मांगें लिखित रूप में लेने का भरोसा दिया। ये मांगें मुख्यमंत्री तक पहुँचाई जाएँगी।
100 से ज्यादा लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
अतिरिक्त महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) वीके सिंह ने बताया कि बुधवार की हिंसक घटना के बाद 100 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इस दौरान पुलिस और होमगार्ड के लगभग तीन दर्जन जवान घायल हुए। कुछ बाहरी तत्वों ने स्थानीय लोगों को उकसाया जिससे हिंसा भड़क गई।
कलेक्टर और एसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
आंदोलन में जिला कलेक्टर और पुलिस एसपी के खिलाफ गुस्सा भी दिखाई दे रहा है। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा में मुद्दा उठाते हुए कहा कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि सरकार ने दमन के जरिए आंदोलनकारियों की आवाज को दबाने की कोशिश की।