STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 17 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

QS सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में IIT दिल्ली देश में नंबर-1, दुनिया में 194वीं रैंक हासिल की

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स सस्टेनेबिलिटी 2027 में संस्थान को भारत में पहला स्थान मिला है। वैश्विक स्तर पर IIT दिल्ली 194वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले साल के मुकाबले संस्थान ने 11 पायदान का सुधार किया है। वहीं, एशिया में भी पांच स्थान ऊपर चढ़कर 19वीं रैंक हासिल की है।

QS रैंकिंग में IIT दिल्ली का जलवा
फोटो: PHOTO GOOGLE

मुख्य बातें

  • QS रैंकिंग में IIT दिल्ली का जलवा, देश में मिला पहला स्थान
  • दुनिया के टॉप-200 संस्थानों में IIT दिल्ली, 194वीं रैंक हासिल
  • पर्यावरण संरक्षण में IIT दिल्ली नंबर-1, स्कोर भी बढ़ा

DELHI,17 NOV. 2026:

दुनिया के शीर्ष 200 संस्थानों में IIT दिल्ली

QS सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में IIT दिल्ली ने वैश्विक स्तर पर 194वीं रैंक हासिल की है। इसके साथ ही संस्थान दुनिया के शीर्ष 200 संस्थानों में शामिल हो गया है।वर्ष 2026 की रैंकिंग में IIT दिल्ली 205वें स्थान पर था। इस बार संस्थान ने 11 स्थान की छलांग लगाई है। एशिया की रैंकिंग में भी प्रदर्शन बेहतर हुआ है। पिछले साल के मुकाबले पांच पायदान ऊपर पहुंचकर 19वां स्थान हासिल किया है।संस्थान का कुल सस्टेनेबिलिटी स्कोर भी बढ़ा है। वर्ष 2026 में यह स्कोर 83.1 था। वहीं, 2027 में बढ़कर 86.5 हो गया है।

स्वच्छ ऊर्जा और जल संरक्षण पर विशेष ध्यान

IIT दिल्ली परिसर को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए कई पहल कर रहा है। संस्थान नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा दे रहा है। इसके अलावा ऊर्जा दक्षता पर भी काम किया जा रहा है।जल संरक्षण के लिए वर्षा जल संचयन और भूजल रिचार्ज जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। उपयोग किए गए पानी को दोबारा इस्तेमाल करने पर भी जोर है। वहीं, कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने, कंपोस्टिंग और रीसाइक्लिंग की व्यवस्था मजबूत की जा रही है।संस्थान ग्रीन मोबिलिटी को भी प्रोत्साहित कर रहा है। इसके साथ ही लंबे समय के लिए नेट जीरो वाटर यूज और जीरो वेस्ट टू लैंडफिल का लक्ष्य रखा गया है।

2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन के लिए शोध

IIT दिल्ली परिसर में पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं के साथ जलवायु परिवर्तन पर शोध भी किया जा रहा है। संस्थान सर्कुलर इकोनॉमी, जलवायु कार्रवाई और स्वच्छ ऊर्जा जैसे विषयों पर काम कर रहा है।इस साल IIT दिल्ली और इंटरनेशनल सोलर अलायंस ने नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए रूपरेखा तैयार की है। इसमें सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कौशल विकास पर भी जोर दिया गया है।इसके अलावा संस्थान के स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी के नेतृत्व में नेट जीरो इंडिया प्रोजेक्ट चल रहा है। इसके लिए श्मिट साइंसेज के साथ साझेदारी की गई है। परियोजना में वर्ष 2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने के संभावित रास्तों का अध्ययन किया जा रहा है।

JNU की भी QS सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में वापसी

इस रैंकिंग में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने भी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने 2023 के बाद पहली बार दुनिया के शीर्ष 500 संस्थानों में वापसी की है।IIT दिल्ली और JNU का प्रदर्शन भारतीय उच्च शिक्षा संस्थानों की वैश्विक पहचान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।