दिल्ली-गुरुग्राम से राजस्थान पहुंचना होगा आसान, 4 हजार करोड़ से बनेगा 67 KM लंबा फोरलेन हाईवे
हरियाणा में झज्जर के सिलानी से चरखी दादरी के बिलावल तक 67 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाईवे बनाया जाएगा। करीब 4 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना से दिल्ली, गुरुग्राम, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इसके लिए 21 गांवों की जमीन चिन्हित की गई है। जमीन अधिग्रहण और मुआवजा तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। परियोजना का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) कराएगा।

मुख्य बातें
- दिल्ली-गुरुग्राम से राजस्थान पहुंचना होगा आसान, बनेगा 67 KM हाईवे
- 4 हजार करोड़ का हाईवे प्रोजेक्ट, 21 गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित
- झज्जर से दादरी तक बनेगा फोरलेन, जानिए किन गांवों से गुजरेगा
HARYANA,17 NOV. 2026:
21 गांवों की जमीन अधिग्रहण की तैयारी
प्रस्तावित हाईवे के लिए करीब 21 गांवों की जमीन चिन्हित की गई है। राजस्व विभाग ने जमीन मालिकों का रिकॉर्ड NHAI को सौंप दिया है। संबंधित जमीन मालिकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।अब जमीन के कलेक्टर रेट के आधार पर मुआवजा राशि तय की जाएगी। इसके बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। मुआवजा निर्धारित होने के बाद टेंडर जारी करने की तैयारी है।
चार गांवों के बाहर से निकलेगा बाईपास
परियोजना में कई गांवों को भारी यातायात से राहत देने के लिए बाईपास बनाने की योजना है। मोरवाला, अचीना, बिरही कलां और अटेला के बाहर से फोरलेन निकाला जाएगा।इसके अलावा कमोद और रावलधी के बीच भी बाईपास प्रस्तावित है। यह लोहारू कैनाल के साथ आगे बढ़ते हुए भिवानी रोड से भैरवी की ओर जाएगा।इस व्यवस्था से गांवों के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही कम होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को भी यातायात संबंधी राहत मिल सकती है।
सिलानी से बिलावल तक ऐसे गुजरेगा हाईवे
प्रस्तावित फोरलेन की शुरुआत झज्जर के सिलानी गांव से होगी। इसके बाद सड़क नया गांव और डाबला के बीच से गुजरेगी। आगे कड़ौदा और मारौत के आसपास से होते हुए छुछकवास पहुंचेगी। यहां बाईपास बनाया जाएगा।इसके बाद सड़क ईमलोटा की ओर बढ़ेगी। मोरवाला और अचीना के पास भी बाईपास प्रस्तावित हैं। आगे मार्ग लोहरवाड़ा के नजदीक से गुजरते हुए रावलधी और कमोद के बीच पहुंचेगा।खातीवास से कमोद जाने वाले रास्ते के पास जलेबी चौक प्रस्तावित है। इसके बाद सड़क चरखी पावर हाउस के पास दादरी-भिवानी रोड से जुड़ेगी। आगे खेतों के बीच से होते हुए भैरवी के पास NH-334B तक पहुंचेगी। यहां से इसका विस्तार बिलावल तक होगा।
नए साल में निर्माण शुरू करने का लक्ष्य
दादरी विधायक सुनील सांगवान के अनुसार, राजस्व विभाग जमीन मालिकों का रिकॉर्ड NHAI को उपलब्ध करा चुका है। अब 21 गांवों के कलेक्टर रेट के आधार पर मुआवजा तय किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रयास है कि जल्द रिवार्ड जारी हो जाए। इसके बाद नए साल में फोरलेन का निर्माण शुरू कराया जा सके।
करीब 4 हजार करोड़ रुपये होंगे खर्च
प्रस्तावित परियोजना पर करीब 4 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके तहत सिलानी से बिलावल तक लगभग 67 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा।NH-334B मेरठ से राजस्थान के पिलानी तक जाता है। यह उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। फिलहाल झज्जर से लोहारू के बीच सड़क का बड़ा हिस्सा सिंगल कैरिजवे है।फोरलेन बनने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है। इससे दिल्ली और गुरुग्राम के साथ राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को भी फायदा मिल सकता है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





