STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 26 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

पुष्कर मेले में 10 साल बाद पशुओं की रिकॉर्ड आवक, 6.5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार

अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला 2026 पशुओं की आवक और कारोबार के लिहाज से बेहतर रहा। मेले में 10,175 पशु पहुंचे, जो वर्ष 2015 के बाद सबसे अधिक संख्या है। इस बार अश्व वंश की आवक ने पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए, जबकि ऊंटों की संख्या भी पिछले साल के मुकाबले दोगुने से अधिक रही। पशुपालन विभाग के अनुसार, मेले में 6.5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। हालांकि, पिछले साल की तुलना में पशुओं की बिक्री कम रही, लेकिन बढ़ी कीमतों ने कुल कारोबार को मजबूती दी।

मुख्य बातें

  • पुष्कर मेले में कुल 10,175 पशु पहुंचे, जो 2015 के बाद सर्वाधिक हैं।
  • मेले में 3,516 ऊंट और 6,039 अश्व वंश की आवक दर्ज की गई।
  • पशुओं की खरीद-फरोख्त से कुल 6.5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।

AJMER,26 NOV. 2026:

2015 के बाद पुष्कर मेले में पशुओं की सबसे ज्यादा आवक

अजमेर का अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला 2026 संपन्न हो गया है। हालांकि, पशु मेले का औपचारिक समापन झंडा उतारने की रस्म के साथ गुरुवार शाम को होना है। इस बार पशुओं की आवक के मामले में मेले ने एक दशक का रिकॉर्ड बनाया। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार के अनुसार, मेले में कुल 10,175 पशु पहुंचे। वर्ष 2015 के बाद यह सबसे अधिक संख्या है। पशुओं की अच्छी आवक ने मेले की रौनक बढ़ाई। वहीं, व्यापार के लिहाज से भी इस बार मेले में बेहतर गतिविधियां देखने को मिलीं।

अश्व वंश की आवक ने तोड़े पिछले सभी रिकॉर्ड

इस बार पुष्कर मेले में घोड़ों और अन्य अश्व वंश की आवक सबसे ज्यादा चर्चा में रही। विभाग के अनुसार, मेले में 6,039 अश्व वंश पहुंचे। पिछले साल यह संख्या 4,997 थी। इस बार अश्व वंश की आवक ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। इसके अलावा मेले में 3,516 ऊंट पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष इनकी संख्या 1,576 थी। यानी ऊंटों की आवक भी पिछले साल के मुकाबले काफी बढ़ी। वहीं, बकरी, गाय और भैंस सहित अन्य पशुओं की कुल संख्या 111 बताई गई है।

6.5 करोड़ रुपये से अधिक का हुआ कारोबार

पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने बताया कि मेले में 6.5 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ। कारोबार में अश्व वंश की खरीद-फरोख्त की प्रमुख भूमिका रही। इस बार 461 अश्व वंश की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल 564 अश्व वंश बिके थे। यानी बिक्री की संख्या में कमी आई, लेकिन कीमतों में बढ़ोतरी के कारण कुल कारोबार बेहतर रहा। विभाग को प्रदर्शनी से 5 लाख 53 हजार रुपये और पशुओं की खरीद-फरोख्त से करीब साढ़े पांच हजार रुपये की आय हुई।

साढ़े चार लाख का घोड़ा और 70 हजार का ऊंट बिका

डॉ. परिहार के मुताबिक, इस बार मेले में सबसे महंगा घोड़ा साढ़े चार लाख रुपये में बिका। वहीं, ऊंट की अधिकतम बिक्री कीमत 70 हजार रुपये रही। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में घोड़ों की करोड़ों रुपये कीमत बताए जाने की बातें अक्सर प्रचार और मार्केटिंग का हिस्सा होती हैं। उनके अनुसार, कई पशुपालक अपने घोड़ों की कीमत बहुत अधिक बताते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उस कीमत पर वास्तव में बिक्री हुई है। वास्तविक खरीद-फरोख्त की जानकारी पशुपालन विभाग के रिकॉर्ड से मिलती है।

करोड़ों की कीमत बताने के पीछे ब्रीडिंग और प्रचार भी वजह

पुष्कर मेले में हजारों लोग पशुओं को देखने और उनकी खासियत जानने पहुंचते हैं। ऐसे में कई पशुपालक अपने घोड़े, ऊंट या भैंसे की कीमत लाखों-करोड़ों रुपये बताते हैं। इसके बाद ऐसी बातें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं। डॉ. परिहार के अनुसार, कई अश्व पालकों का उद्देश्य पशु को बेचना नहीं, बल्कि उसकी नस्ल और ब्रीडिंग का प्रचार करना होता है। ऊंची कीमत बताने से पशुपालक और उसके पशु को कम समय में ज्यादा पहचान मिल जाती है।

राजस्थान के जिलों में ही बिके अधिकांश ऊंट

ऊंटों की बिक्री को लेकर डॉ. परिहार ने बताया कि इस बार राज्य के बाहर तमिलनाडु के लिए केवल एक ऊंट गया। मेले में बिके अन्य ऊंट राजस्थान के अलग-अलग जिलों में ही गए। इससे स्पष्ट है कि इस बार ऊंटों का व्यापार मुख्य रूप से राज्य के भीतर केंद्रित रहा। वहीं, अश्व वंश की खरीद-फरोख्त कारोबार का बड़ा आधार बनी। विभाग के अनुसार, घोड़े या अन्य अश्व वंश की खरीद-बिक्री होने पर खरीदार और विक्रेता दोनों को हेल्प डेस्क पर अपनी जानकारी दर्ज करानी होती है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।