अलवर में विश्व शांति एवं विज्ञान दिवस पर कार्यक्रम, वन मंत्री ने की अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन का शुभारंभ…
बेहतर भविष्य और सद्भाव के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित विश्व शांति एवं विज्ञान दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला अस्पताल परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान के वन मंत्री संजय शर्मा ने जिला अस्पताल के दंत विभाग में लगभग दो लाख रुपए की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन का लोकार्पण किया।
यह कार्यक्रम प्रज्ञा जन अभियान, अखिल विश्व गायत्री परिवार, उत्त्कृष्टार्थ जागृत सत्यजन अभियान उजास और ग्राम रावणदेवरा समग्र विकास समिति, अलवर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित भामाशाहों ने बताया कि इस नई एक्स-रे मशीन से जिला अस्पताल के दंत विभाग की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। मरीजों को अब दांतों की जांच के लिए निजी क्लीनिकों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक दोनों की बचत होगी।
वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि “स्वास्थ्य और विज्ञान का समन्वय ही समाज के सतत विकास का मूल आधार है। जब समाज सेवा और विज्ञान एक साथ आते हैं, तब हर नागरिक को बेहतर और सुलभ सुविधाएं मिलती हैं।”
उन्होंने भामाशाहों और गायत्री परिवार के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से सरकारी अस्पतालों की सेवाएं और अधिक मजबूत बनेंगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।