धौलपुर में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, दो गुटों के बीच विवाद के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
राजस्थान के धौलपुर जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। राजाखेड़ा में फायरिंग के विरोध के बाद अब धौलपुर शहर के कोटला मोहल्ले में दो पक्षों के बीच दिनदहाड़े गोलीबारी का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते हुए विवाद में पहले पथराव हुआ और बाद में दोनों पक्षों ने फायरिंग कर दी। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुरानी रंजिश में भिड़े दो पक्ष, आधे घंटे तक मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर कोतवाली थाना क्षेत्र के कोटला मोहल्ले में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि लंबे समय से चले आ रहे विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों ओर से पथराव हुआ और इसके बाद हथियारों से फायरिंग की गई। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर लोग घरों में छिप गए और कई दुकानदारों ने सुरक्षा के लिए दुकानें बंद कर दीं।
फायरिंग के बाद पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग वहां से निकल चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा के अनुसार फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
राजाखेड़ा में फायरिंग के विरोध में बाजार बंद
इससे पहले राजाखेड़ा कस्बे में सोमवार को बाइक सवार बदमाशों द्वारा तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर फायरिंग किए जाने के विरोध में मंगलवार को बाजार बंद रहे। व्यापारियों ने गांधी चबूतरे पर बैठक कर घटना पर नाराजगी जताई और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने जुलूस निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
दो दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
राजाखेड़ा के व्यापारियों ने प्रशासन को दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। वहीं धौलपुर में लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने की कवायद तेज कर दी है।