#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

नागौर में हैरान करने वाला मामला, सोने की चेन लेकर उड़ गया कबूतर, डेगाना सर्राफा बाजार में मचा हड़कंप…

राजस्थान के नागौर जिले के डेगाना कस्बे में गुरुवार को एक अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई। सर्राफा बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कबूतर करीब सात ग्राम वजन की सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया।

कारीगर काम कर रहा था, तभी हुआ घटनाक्रम
यह घटना रामेश्वर प्लाजा स्थित एक ज्वैलरी दुकान के ऊपर बनी कार्यशाला में हुई। दोपहर करीब 12 बजे कारीगर सामीन बंगाली सोने की चेन तैयार कर रहा था। उसी दौरान खिड़की के पास कुछ कबूतर आकर बैठ गए।

चोंच में चेन दबाकर पास की छत पर जा बैठा कबूतर
इसी बीच एक कबूतर तैयार की जा रही सात ग्राम की सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया और पास ही स्थित एक छत पर जा बैठा। चेन की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।

व्यापारियों में मची हलचल, कबूतर पर रखी गई नजर
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार और व्यापारी सतर्क हो गए। सभी ने कबूतर पर नजर बनाए रखी और उसे पकड़ने का प्रयास शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

उड़ान के दौरान गिरी चेन, सुरक्षित मिली
कबूतर को पकड़ने के लिए लोग छत पर पहुंचे, लेकिन वह फिर उड़ गया। उड़ान भरते समय उसके मुंह से सोने की चेन छूट गई और छत पर गिर पड़ी। काफी तलाश के बाद चेन सुरक्षित मिल गई।

राहत की सांस, बाजार में दिनभर होती रही चर्चा
चेन वापस मिलने के बाद ज्वैलरी दुकानदार और कारीगर ने राहत की सांस ली। यह घटना पूरे सर्राफा बाजार में चर्चा का विषय बनी रही और लोग इसे दुर्लभ व अजीब संयोग बताते नजर आए।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *