STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 10 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

Muzaffarnagar: हरिद्वार जा रहे 6 दोस्तों की कार में जिंदा जलने से मौत, दो सगे भाई भी शामिल

हरियाणा के हांसी से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे छह दोस्तों की उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। सोमवार तड़के पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर उनकी तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। इसके बाद कार में भीषण आग लग गई। सभी छह युवक अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। मृतकों में दो सगे भाई और दो छात्र शामिल हैं। उनकी उम्र 19 से 23 साल के बीच बताई गई है।

बिजली के खंभे से टकराकर दूसरी लेन में पलटी कार
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • हरिद्वार जा रहे 6 दोस्तों की कार में जिंदा जलने से मौत, दो सगे भाई भी शामिल
  • तेज रफ्तार कार खंभे से टकराई, पलटते ही लगी आग; 6 युवकों की दर्दनाक मौत
  • गंगा स्नान के लिए निकले थे 6 दोस्त, रास्ते में मौत बनकर आया हादसा

Muzaffarnagar,10 NOV. 2026:

बिजली के खंभे से टकराकर दूसरी लेन में पलटी कार

हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे मुजफ्फरनगर में जग्गाहेड़ी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, हांसी के छह दोस्त ओरा कार से हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई।कार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई। इसके बाद डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का खंभा टूट गया और करीब 10 मीटर तक डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गया।

पलटते ही कार में लगी भीषण आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पलटते ही उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार युवकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।राहगीरों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे छह युवकों के शव बाहर निकाले गए।आग इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह झुलस गए। इससे मृतकों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया।

पुलिस ने छह युवकों की मौत की पुष्टि की

मुजफ्फरनगर के एसपी देहात अक्षय संजय महादिक ने बताया कि सोमवार सुबह हादसे की सूचना मिली थी। कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। इसके बाद उसमें आग लग गई।पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।

दो सगे भाइयों समेत छह दोस्तों की गई जान

हादसे में जान गंवाने वाले चार युवक राखी खास गांव और दो मोठ करनैल गांव के रहने वाले थे।

- अंकित (19): राखी खास निवासी था। वह एसी और फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता था।

- राहुल (22): अंकित का सगा भाई था। वह जींद में ट्रक बॉडी बनाने का काम करता था।

- साहिल (21): राखी खास का रहने वाला था। वह करीब चार साल से ड्राइविंग कर रहा था। छोटी दिवाली पर वह किसी की कार लेकर घर आया था।

- अंकित मलिक (23): राखी खास गांव का निवासी था।

- अमन (21): मोठ करनैल गांव का रहने वाला था और पढ़ाई करता था।

- अजय (21): अमन के गांव का निवासी था और पढ़ाई कर रहा था।

छह दोस्तों की एक साथ मौत से उनके गांवों में शोक का माहौल है। परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।