मुंडावर में ओवरलोड 22 चक्का ट्रेलर पलटा, बड़ा हादसा टला; ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की उठी मांग
खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर कस्बे में हरसौली मोड़ पर अस्पताल के पास शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बहरोड़ से भिवाड़ी की ओर जा रहा रोड़ी से भरा 22 चक्का ओवरलोड ट्रेलर तेज गति के कारण असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के चलते ट्रेलर में भरी रोड़ी सड़क पर फैल गई, वहीं ट्रेलर का डीजल भी सड़क पर बह गया, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो गई।
इसके अलावा सड़क किनारे लगा बिजली का पोल और ट्रांसफार्मर भी बाल-बाल बच गया। यदि यह क्षतिग्रस्त हो जाते और सड़क पर फैले डीजल में आग लग जाती, तो भयानक दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था।
गौरतलब है कि बहरोड़ की ओर से प्रतिदिन कई ओवरलोड ट्रेलर टोल बचाने के उद्देश्य से मुंडावर–हरसौली–कोटकासिम–खुशखेड़ा होते हुए भिवाड़ी की तरफ जाते हैं। इन वाहनों पर न तो परिवहन विभाग और न ही पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना गुजरने वाले ओवरलोड ट्रेलरों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।