STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 17 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

मुंबई में प्रिंस विलियम ने चलाया ई-रिक्शा, पीछे बैठीं प्रिंसेस कैथरीन; अर्थशॉट फाइनलिस्ट से की मुलाकात

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन भारत दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को मुंबई में खास अंदाज में नजर आए। प्रिंस विलियम ने खुद इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा चलाया। वहीं, प्रिंसेस कैथरीन उनके पीछे बैठीं। इस दौरान शाही दंपती ने अर्थशॉट प्राइज 2026 के फाइनलिस्ट से मुलाकात की। भारत पहली बार इस प्रतिष्ठित पर्यावरण पुरस्कार समारोह की मेजबानी कर रहा है।

प्रिंस विलियम ने संभाली ई-रिक्शा की कमान
फोटो: PHOTO GOOGLE

मुख्य बातें

  • मुंबई में प्रिंस विलियम ने चलाया ई-रिक्शा, पीछे बैठीं प्रिंसेस कैथरीन
  • शाही अंदाज छोड़ मुंबई की सड़कों पर निकले विलियम और केट
  • प्रिंस विलियम ने चलाया इलेक्ट्रिक ऑटो, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

MUMBAI ,17 NOV. 2026:

प्रिंस विलियम ने संभाली ई-रिक्शा की कमान

वेल्स के राजकुमार विलियम और राजकुमारी कैथरीन ने बांद्रा रिक्लेमेशन स्थित बोटैनिकल गार्डन का दौरा किया। यहां उन्होंने महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की सवारी की।खास बात यह रही कि ई-रिक्शा की स्टीयरिंग खुद प्रिंस विलियम ने संभाली। जबकि प्रिंसेस कैथरीन पीछे बैठीं नजर आईं। वाहन पर अर्थशॉट प्राइज का लोगो भी लगा था। इसके बाद शाही दंपती ने वर्ष 2026 के अर्थशॉट पुरस्कार के फाइनलिस्ट से मुलाकात की।

पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन पर जोर

विलियम और केट
PHOTO GOOGLE

मुंबई में वायु प्रदूषण की समस्या के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ई-रिक्शा की सवारी के जरिए शाही दंपती ने स्वच्छ परिवहन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया।महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी को स्वच्छ शहरी परिवहन के क्षेत्र में काम करने के लिए फाइनलिस्ट चुना गया है। कंपनी का प्रतिनिधित्व सुमन मिश्रा कर रही हैं। वहीं, भारतीय संस्था महिला हाउसिंग ट्रस्ट भी फाइनलिस्ट में शामिल है। यह संस्था जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सामुदायिक स्तर पर समाधान विकसित कर रही है।

पांच विजेताओं को मिलेंगे 10 लाख ब्रिटिश पाउंड

अर्थशॉट पुरस्कार 2026 का मुख्य समारोह मुंबई के बीकेसी स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित होगा। इसमें पांच विजेताओं की घोषणा की जाएगी। प्रत्येक विजेता को अपने पर्यावरण संबंधी समाधान को आगे बढ़ाने के लिए 10 लाख ब्रिटिश पाउंड दिए जाएंगे।इस वर्ष पुरस्कार की पांच श्रेणियों में 20 व्यक्तियों से जुड़े 15 जलवायु समाधानों को अंतिम सूची में जगह मिली है। अर्थशॉट पुरस्कार की शुरुआत प्रिंस विलियम ने की थी। इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से निपटने वाले प्रभावी समाधानों को प्रोत्साहित करना है।

पहले दिन खेला गली क्रिकेट, सचिन तेंदुलकर भी रहे मौजूद

भारत दौरे के पहले दिन सोमवार को शाही दंपती ने मुंबई में गली क्रिकेट का आनंद लिया। इस दौरान क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और स्कूली छात्राएं भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम बैलार्ड एस्टेट के एन. मोराजी रोड पर आयोजित हुआ।प्रिंस विलियम ने पांच गेंदें खेलीं और पांचवीं गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने गेंदबाजी भी की और सचिन तेंदुलकर को आउट किया। तेंदुलकर ने उनकी गेंद पर ऊंचा शॉट खेला, जिसके बाद वह कैच आउट हुए। प्रिंसेस कैथरीन ने भी बल्लेबाजी में हाथ आजमाया। उन्होंने करीब दो ओवर तक बल्लेबाजी की। बाद में विलियम ने उन्हें आठवीं गेंद पर आउट किया।

मेट्रो में सफर और कुल्हड़ वाली चाय का लिया आनंद

गली क्रिकेट कार्यक्रम के बाद शाही दंपती ने मुंबई की मेट्रो ट्रेन में सफर किया। वे विधान भवन से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स तक मेट्रो से पहुंचे। वहां उन्हें बरगद के पेड़ के नीचे मिट्टी के कुल्हड़ों में मुंबई की मशहूर कटिंग चाय परोसी गई।मुंबई पहुंचने पर उनका पारंपरिक ढोल-ताशे के साथ स्वागत किया गया। सचिन तेंदुलकर ने बताया कि पिछली बार उन्होंने और प्रिंस विलियम ने ओवल मैदान पर क्रिकेट खेला था। इस बार दोनों को गली क्रिकेट खेलने का मौका मिला।

18 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात

प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन की यह दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा है। इससे पहले दोनों अप्रैल 2016 में भारत आए थे। तीन दिवसीय दौरे के दौरान शाही दंपती 18 नवंबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।