#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

मोती डूंगरी के पास तेज रफ्तार कार पलटी, ऑटो से टक्कर के बाद दो युवक मौके से फरार

अलवर के मोती डूंगरी रोड पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ऑटो से टकराने के बाद बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए। हादसे का पूरा घटनाक्रम पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

अरावली विहार थाना क्षेत्र के एएसआई ओमप्रकाश के अनुसार देर रात एक कार स्टेडियम की ओर से एसएमडी चौराहे की तरफ जा रही थी। एलआईसी कार्यालय के बाहर खड़े ऑटो से टकराने के बाद कार दीवार से जा भिड़ी और सड़क पर उलट गई। गनीमत रही कि हादसे के समय ऑटो में कोई सवार नहीं था। कार में बैठे दोनों युवक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

कार अमन निवासी नयाबास के नाम पंजीकृत है, जबकि क्षतिग्रस्त ऑटो संजय कुमार निवासी ढाढ़ोली का है, जो लेमन एड होटल में कार्यरत है। संजय ने बताया कि घटना के दौरान वह होटल के अंदर था। तेज आवाज सुनकर बाहर आया तो ऑटो क्षतिग्रस्त मिला और कार पास में पलटी हुई थी। इसी दौरान कार से दो युवक उतरकर भागते दिखाई दिए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से कार को जब्त कर लिया। मामले की जांच जारी है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *