अलवर में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा संपन्न, परिवार नियोजन में पुरुष सहभागिता बढ़ाने पर जोर
अलवर — राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित पुरुष नसबंदी पखवाड़ा शुक्रवार को शहर के एक निजी होटल में सम्पन्न हुआ।
समापन कार्यक्रम में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. छबील कुमार ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम में पुरुषों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने, तय तिथियों की जानकारी प्रसारित करने तथा कंडोम उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग लगातार जागरूकता गतिविधियाँ कर रहा है।
पखवाड़े के पहले चरण के तहत 21 से 27 नवंबर तक मोबिलाइजेशन सप्ताह मनाया गया, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों को पुरुष नसबंदी के सुरक्षित, सरल और प्रभावी विकल्पों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक सेवा वितरण सप्ताह के दौरान योग्य लाभार्थियों को स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाएँ प्रदान की गईं।
समापन अवसर पर उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मियों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।