#राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

अलवर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, जला हुआ तेल मिलने पर मचा हड़कंप

अलवर में आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न बाजारों में औचक निरीक्षण कर कई खाद्य प्रतिष्ठानों, ठेलों और रेहड़ियों की जांच की।

टीम के बाजार में पहुंचते ही छोले-भटूरे, समोसा और कचौरी बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान छोले-भटूरे तलने में इस्तेमाल किए जा रहे तेल के नमूने लिए गए। एक स्थान पर कढ़ाई में जला हुआ काला तेल मिला, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। संदिग्ध तेल का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान कई दुकानों पर गंदगी और साफ-सफाई की कमी भी पाई गई। इस पर टीम ने दुकानदारों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाते हुए स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशव गोयल ने बताया कि लोगों की सेहत से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी, अस्वच्छ और बार-बार इस्तेमाल किए गए जले तेल के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे मानक गुणवत्ता वाले ताजा तेल का उपयोग करें और स्वच्छता के नियमों का पालन करें, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन मिल सके।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *