अलवर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: तहसीलदार बसन्त परसोया और दलाल रवि उर्फ रिंकू 1.50 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
अलवर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोविन्दगढ़ तहसीलदार बसन्त कुमार परसोया और उनके दलाल रवि उर्फ रिंकू को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम ने यह कार्रवाई की। आरोप है कि परिवादी से उसकी मौसी (ताईजी) के हिस्से की जमीन उसके नाम दर्ज कराने के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के अनुसार, परिवादी ने वसीयत के आधार पर जमीन अपने नाम चढ़वाने के लिए तहसील गोविन्दगढ़ में आवेदन किया था। प्रारंभिक स्तर पर पटवारी और ग्राम पंचायत चिडवाई के सरपंच ने वसीयत रजिस्टर्ड नहीं होने का हवाला देते हुए जमीन किसी अन्य के नाम दर्ज कर दी। इसके बाद परिवादी ने उपखंड अधिकारी गोविन्दगढ़ के न्यायालय में अपील की, जहां 3 दिसंबर 2025 को उसके पक्ष में आदेश जारी हुआ।
इसके बावजूद तहसीलदार बसन्त परसोया ने फाइल लंबित रखते हुए दलाल रवि उर्फ रिंकू के माध्यम से 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि आरोपियों ने सौदा 3.50 लाख रुपये में तय किया।
एसीबी टीम ने उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में ट्रैप कार्रवाई करते हुए पहली किस्त के रूप में 1.50 लाख रुपये लेते हुए रवि उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया। इसके बाद तहसील कार्यालय गोविन्दगढ़ से तहसीलदार बसन्त परसोया को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल एसीबी अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।