धनबाद जंक्शन पर दबंगई का LIVE VIDEO वायरल, युवक को बेरहमी से पीटा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
झारखंड के धनबाद जंक्शन से सामने आए एक वायरल वीडियो ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्लेटफॉर्म पर एक युवक को बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक पीड़ित को मुक्कों और लातों से बुरी तरह मारता दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन कोई आगे नहीं आया। बाद में एक महिला ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस जांच में जुट गई है।
प्लेटफॉर्म पर युवक की बेरहमी से पिटाई
घटना धनबाद जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में एक युवक दूसरे युवक पर लगातार हमला करता नजर आ रहा है। आरोपी पहले उसे मुक्कों से पीटता है, जिससे पीड़ित जमीन पर गिर जाता है। इसके बाद भी हमला नहीं रुकता और आरोपी युवक उसके सिर पर पैर रखकर लातें मारता दिखाई देता है। पूरी घटना स्टेशन पर मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा और डर दोनों का माहौल देखा जा रहा है।
महिला ने दिखाई हिम्मत, बचाई युवक की जान
जब प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, तब एक महिला ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया। महिला के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित युवक किसी तरह वहां से निकलकर रेल पटरियों की ओर भाग गया और अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते महिला बीच में नहीं आती तो मामला और गंभीर हो सकता था। सोशल मीडिया पर लोग महिला की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं, वहीं घटना के दौरान मौजूद सुरक्षा कर्मियों की निष्क्रियता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
RPF और GRP की कार्यशैली पर सवाल
धनबाद जंक्शन जैसे व्यस्त और संवेदनशील रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। प्लेटफॉर्म पर हर समय RPF और GRP के जवानों की तैनाती रहती है, लेकिन इसके बावजूद खुलेआम मारपीट होती रही और कोई तुरंत हस्तक्षेप करता नजर नहीं आया। वायरल वीडियो के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। यात्रियों का कहना है कि अगर स्टेशन परिसर में ही लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था के दावे खोखले साबित होते हैं।
वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया है। रेल एसपी मूमल राजपुरोहित ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में इसे आपसी विवाद का मामला माना जा रहा है और दोनों युवक स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।