रणथंभौर से सटे गांव में लेपर्ड का आतंक, घर में घुसकर 78 वर्षीय महिला पर हमला; मचा हड़कंप
घर में सो रही बुजुर्ग महिला पर अचानक टूट पड़ा लेपर्ड
सवाई माधोपुर जिले में रणथंभौर टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में वन्यजीवों की हलचल लगातार बनी हुई है। रविवार देर रात टोडरा गांव में एक लेपर्ड घर में घुस गया और वहां सो रही 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला लीला देवी नायक पर हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत घायल महिला को सवाई माधोपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। लेपर्ड के आबादी क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।
महिला को मुंह से पकड़कर ले जाने लगा लेपर्ड
घायल महिला के बेटे विनोद कुमार ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक लेपर्ड घर के अंदर घुस आया और उनकी मां पर हमला कर दिया। विनोद के अनुसार लेपर्ड ने महिला को मुंह से पकड़ लिया और उसे दीवार की ओर खींचकर ले जाने लगा। महिला की चीख सुनकर परिवार के लोगों की नींद खुली तो उन्होंने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद लेपर्ड ने महिला को छोड़ दिया और मौके से भाग गया।
परिजनों के शोर मचाने पर भागा वन्यजीव
घटना के बाद परिवार के लोगों ने तुरंत आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग को भी मामले की जानकारी दी गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। ग्रामीणों का कहना है कि रणथंभौर क्षेत्र के नजदीक होने के कारण गांवों में अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। रात के समय लेपर्ड की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल बढ़ गया है।
रणथंभौर क्षेत्र में लगातार बना हुआ है लेपर्ड मूवमेंट
वन विभाग की फॉरेस्टर सुमन गुर्जर ने बताया कि टोडरा गांव रणथंभौर टाइगर रिजर्व के नजदीक स्थित है, जिसके चलते यहां लेपर्ड का मूवमेंट सामान्य रूप से बना रहता है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वन विभाग की टीम क्षेत्र में चार लेपर्ड का रेस्क्यू कर चुकी है। वन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
गांवों में मुनादी और रात की गश्त बढ़ाई गई
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग की ओर से आबादी वाले क्षेत्रों में अनाउंसमेंट करवाकर लोगों को रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा वन विभाग की टीमें रात के समय लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।