लक्ष्मणगढ़: व्यापारी से लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने नगद और दस्तावेज किए बरामद…
लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस ने व्यापारी से हुई लूट की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया है।
घटना का विवरण
थानाधिकारी नेकीराम के अनुसार, जावली निवासी व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल ने 11 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह लक्ष्मणगढ़ कस्बे में परचून की दुकान चलाता है। रोजाना की तरह 10 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से अपने घर जावली लौट रहा था। रास्ते में कठूमर रोड होते हुए बडौली रोड पर पहुंचने पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने उसे रुकने का इशारा किया। व्यापारी ने रुकने से इंकार किया तो बदमाशों ने चलती बाइक को धक्का देकर गिरा दिया।
लूट कर फरार हुए आरोपी
गिरने के बाद बदमाशों ने व्यापारी की मोटरसाइकिल पर लटक रहे बैग को छीन लिया, जिसमें 30 हजार रुपये नकद, खाता बही, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आरसी, बैंक पासबुक और दुकान की चाबी रखी थी। शोर मचाने पर स्थानीय लोग कपिल और सचिन मौके पर पहुंचे, जिससे घबराकर बदमाश एक बाइक छोड़कर दूसरी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से छोड़ी गई बाइक जब्त कर जांच शुरू की थी।
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी नवल मीना पुत्र फूलसिंह मीना निवासी मौजपुर को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। वहीं, अब फरार चल रहे तीन अन्य आरोपी जाहुल पुत्र अकबर, अरफीन पुत्र सुबेदार उर्फ सुब्बा और साहिल पुत्र सकुर उर्फ सक्की, सभी निवासी मौजपुर, को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से व्यापारी के दस्तावेज, बही-खाता, दुकान की चाबी और नगद राशि बरामद की है।