STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकबुधवार, 11 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

लक्ष्मणगढ़ में कपड़े के शोरूम में लगी आग, बाजार में मचा हड़कंप; दमकल व्यवस्था नहीं होने पर व्यापारियों में रोष

अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार में देर रात कपड़े के शोरूम में आग लग गई। शोरूम की दूसरी मंजिल से उठती लपटें देखकर आसपास के व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। आग फैलने की आशंका के चलते व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों से सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। घटना में शोरूम में रखे कपड़ों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया है। कस्बे में दमकल व्यवस्था नहीं होने पर व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

मुख्य बाजार में कपड़े के शोरूम में लगी आग,
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • लक्ष्मणगढ़ के मुख्य बाजार में कपड़े के शोरूम में लगी आग, मचा हड़कंप
  • अलवर के लक्ष्मणगढ़ में देर रात आगजनी, दमकल व्यवस्था नहीं होने पर व्यापारियों का रोष
  • कपड़ों के शोरूम में उठीं आग की लपटें, सामान बचाने में जुटे व्यापारी

ALWAR,11 NOV. 2026:

दूसरी मंजिल पर आग लगने से बाजार में मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणगढ़ के मुख्य बाजार में देर रात एक कपड़े के शोरूम की दूसरी मंजिल पर आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आसपास कपड़ों के शोरूम और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान होने से आग फैलने का खतरा बढ़ गया।घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को सुरक्षित करने के प्रयास शुरू कर दिए। कई दुकानदारों ने दुकानों में रखा सामान बाहर निकालना शुरू किया। आग की वजह से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।

सचिन, कपिल और राजेश खारवाल का है शोरूम

जिस शोरूम में आग लगी, उसके मालिक सचिन कुमार खारवाल, कपिल खारवाल और राजेश खारवाल हैं। तीनों मंडी में आढ़त का कारोबार भी करते हैं। शोरूम में बड़ी मात्रा में कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था।आग की चपेट में आने से शोरूम में कितना नुकसान हुआ, इसका फिलहाल आकलन नहीं हो पाया है। आग लगने के कारणों की जानकारी भी सामने नहीं आई है।

दमकल व्यवस्था नहीं होने पर व्यापारियों ने जताया रोष

घटना के दौरान कस्बे में दमकल वाहन उपलब्ध नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी दिखाई दी। उनका कहना है कि लक्ष्मणगढ़ का मुख्य बाजार घनी आबादी वाला और व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र है। यहां कपड़ों सहित कई तरह के व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित हैं।ऐसे में आगजनी की घटना होने पर समय पर दमकल सहायता मिलना जरूरी है। व्यापारियों के अनुसार, दमकल व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें खुद ही आग बुझाने के प्रयास करने पड़ते हैं। इससे जान-माल के नुकसान का खतरा बढ़ जाता है।

नगरपालिका में दमकल वाहन उपलब्ध कराने की मांग

कस्बे के व्यापारी एवं पूर्व सरपंच बलराज गुप्ता ने प्रशासन पर आगजनी की घटनाओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि लक्ष्मणगढ़ और आसपास के क्षेत्र में दमकल वाहन उपलब्ध कराने की मांग कई बार उठाई जा चुकी है।इसके बावजूद अब तक इस दिशा में समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से नगरपालिका में जल्द दमकल वाहन उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि दमकल सुविधा होने से भविष्य में आगजनी की घटनाओं के दौरान समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा।इस घटना ने एक बार फिर लक्ष्मणगढ़ के मुख्य बाजार में अग्निशमन सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को सामने ला दिया है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।