खेड़ी गांव में चोरों के हौसले बुलंद, रिटायर्ड फौजी की बाइक मिनटों में चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात…
रामगढ़ नगरपालिका क्षेत्र के खेड़ी गांव में चोरी की एक और वारदात सामने आई है। गांव निवासी एक रिटायर्ड फौजी की बाइक चोर घर के बाहर से कुछ ही मिनटों में चोरी कर ले गया। पूरी घटना पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें चोर पहले बाइक की रैकी करता और फिर लॉक तोड़कर उसे ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खेड़ी गांव निवासी लवकेश चौधरी पुत्र रामदयाल अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक घर के बाहर खड़ी कर अंदर चले गए थे। वे उस समय परिवार के सदस्यों से बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बाद जब बाहर आकर देखा तो बाइक मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद पड़ोस के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक युवक पहले बाइक की रेकी करता हुआ नजर आ रहा है और फिर कुछ ही पलों में बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार हो जाता है। चोरी की पूरी घटना कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुई है।
पीड़ित लवकेश चौधरी ने शुक्रवार दोपहर बाद रामगढ़ थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि बाइक घर के बाहर से चोरी हुई है और सीसीटीवी फुटेज में चोर साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, खेड़ी गांव के ग्रामीणों का कहना है कि गांव में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कभी पशुधन चोरी तो कभी बाइक चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार 22 अगस्त 2025 को गांव निवासी हेमंत चौधरी की बाइक चोरी हुई थी, जबकि 25 नवंबर 2025 को मोनी बाबा परिसर से एक बाहरी व्यापारी की बाइक चोरी कर ली गई थी। इसके अलावा कुछ माह पूर्व गांव से तीन भैंसों की चोरी भी हो चुकी है।