होली से पहले बड़ी कार्रवाई: खैरथल-तिजारा में 180 किलो मिलावटी-सिंथेटिक पनीर जब्त कर मौके पर नष्ट…
होली पर्व को देखते हुए आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर 24 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग, जिला खैरथल-तिजारा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 180 किलो मिलावटी व सिंथेटिक पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब 6 बजे किशनगढ़ सर्किल पर RJ02 UB 2804 नंबर की सफेद ईको कार को रोका। वाहन की तलाशी में पांच पेटियों में भरा लगभग 180 किलो बदबूदार व सिंथेटिक पनीर बरामद हुआ। मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से प्राथमिक जांच के बाद पनीर के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि यह मिलावटी पनीर मेवात क्षेत्र से लाकर किशनगढ़ व खैरथल में करीब 170 रुपये प्रति किलो की दर से बेचने की तैयारी थी। स्वास्थ्य के लिए खतरनाक पाए जाने पर पूरा पनीर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान टीम में महिपाल सिंह और सुभाष यादव भी मौजूद रहे।