कठूमर-खेड़ली दौरे पर जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला, अस्पताल व औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण, अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश…
अलवर जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला मंगलवार को कठूमर और खेड़ली क्षेत्र के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने कठूमर स्थित रैफरल चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कमियों को लेकर उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेंद्र शर्मा तथा एसडीएम श्यामसुंदर चेतीवाल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
इसके बाद जिला कलेक्टर ने खेड़ली क्षेत्र के सौखरी रीको औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट और अन्य संभावनाओं को लेकर रीको के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं स्थानीय अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
दौरे के दौरान एसडीएम श्यामसुंदर चेतीवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेंद्र शर्मा, बीसीएमओ अमरजीत गुर्जर, रीको के रीजनल मैनेजर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने कहा कि कठूमर-खेड़ली क्षेत्र की अरावली पहाड़ियों में अवैध खनन को रोकने के लिए प्रशासन गंभीर है। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्र के पांच किलोमीटर दायरे में शीघ्र ही वृक्षारोपण कराया जाएगा और नियमित निगरानी रखी जाएगी, ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।