करिरिया पंचायत में वार्ड गठन पर विवाद: कम जनसंख्या वाले गांव को अधिक वार्ड, नाकचपुर के ग्रामीणों ने उठाया विरोध….
रामगढ़ (अलवर)। नवसृजित ग्राम पंचायत करिरिया में किए गए वार्ड पुनर्गठन को लेकर क्षेत्र में विरोध के सुर तेज हो गए हैं। ग्राम नाकचपुर के ग्रामीणों ने वार्ड विभाजन को जनसंख्या के अनुपात के विरुद्ध बताते हुए उपखंड अधिकारी रामगढ़ को ज्ञापन सौंपकर तत्काल संशोधन की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2011 की जनगणना में ग्राम करिरिया की जनसंख्या 1048 तथा ग्राम नाकचपुर की जनसंख्या 1065 दर्ज है। इसके बावजूद करिरिया में तीन वार्ड बनाए गए हैं, जबकि अधिक जनसंख्या वाले नाकचपुर को केवल दो वार्डों तक सीमित कर दिया गया है। इस निर्णय से ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड गठन के दौरान नियमों और जनसंख्या मानकों की अनदेखी की गई है। स्थानीय ग्रामीण व एडवोकेट जयराम वर्मा का कहना है कि यदि वास्तविक जनसंख्या के आधार पर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए, तो नाकचपुर में भी कम से कम तीन वार्ड बनना न्यायोचित है।
ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष दो विकल्प सुझाए हैं—
या तो करिरिया में एक वार्ड कम किया जाए, अथवा नाकचपुर में एक वार्ड बढ़ाया जाए, ताकि पंचायत स्तर पर संतुलन और समान प्रतिनिधित्व कायम रह सके।
मामले को लेकर गांव में लगातार चर्चाएं जारी हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का सहारा लेने को बाध्य होंगे। अब निगाहें प्रशासनिक रुख पर टिकी हैं।