#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

राजगढ़ के कांदोली बाईपास पर ट्रक–पिकअप की भीषण टक्कर, युवक की मौत; दो गंभीर घायल, एक जयपुर रैफर..

अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदोली बाईपास पर सोमवार देर रात ट्रक और पिकअप के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार रैणी थाना क्षेत्र के बीटोली गांव निवासी 30 वर्षीय नरेंद्र सिंह राजपूत अपने पड़ोसी धर्म सिंह राजपूत और पिकअप चालक छोटेलाल के साथ बहन के यहां पहल मुंडावर भैंस छोड़ने गया था। सोमवार रात वापस लौटते समय कांदोली बाईपास के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी।

हादसे में नरेंद्र सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल धर्म सिंह राजपूत को अलवर के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि पिकअप चालक छोटेलाल की हालत नाजुक होने पर उसे जयपुर रैफर किया गया है।

मृतक नरेंद्र सिंह खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो छोटे बच्चे—एक बेटा और एक बेटी हैं। परिजनों ने बताया कि हादसे के अगले दिन ही नरेंद्र सिंह की पत्नी को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मृतक के चचेरे भाई सोनू ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद नरेंद्र सिंह की जेब में रखे करीब 67 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन गायब मिले हैं। इस संबंध में पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *