Rajasthan Crime: जोधपुर में वृद्धा की संदिग्ध मौत, पोते पर हत्या का आरोप, 90% जला शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गयाश्मशान में गुपचुप अंतिम संस्कार की कोशिश, बेटों के पहुंचते ही रुका मामला
जोधपुर जिले के लूनी थाना क्षेत्र के सतलाना गांव स्थित कुम्हारों की ढाणियों में गुरुवार को एक 85 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि साथ रहने वाला पोता परिजनों को सूचना दिए बिना दादी के शव को श्मशान ले गया और अंतिम संस्कार शुरू कर दिया। अन्य बेटों को जानकारी मिलने पर दाह संस्कार रुकवाकर पुलिस को सूचना दी गई।
90 प्रतिशत जला शव मोर्चरी में, बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार जब तक दाह संस्कार रोका गया, तब तक वृद्धा का करीब 90 प्रतिशत शव जल चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाकर शव को कब्जे में लिया और मोर्चरी भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
रुपयों को लेकर हुआ था विवाद, मारपीट के बाद मौत का आरोप
लूनी थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि मृतका पेंपीदेवी पत्नी नैनाराम कुम्हार के तीन पुत्र हैं। दो पुत्र अलग रहते हैं, जबकि तीसरा बीमार होने के कारण शहर में रहता है। उसका बेटा सुरेश गांव में दादी के साथ रहता था।
परिजन नत्थाराम का आरोप है कि गुरुवार सुबह पांच-छह हजार रुपये को लेकर दादी और पोते के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें पोते ने वृद्धा के साथ मारपीट की। कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई।
सूचना छुपाने की नीयत से किया अंतिम संस्कार का प्रयास
परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद पोते ने मामले को छिपाने के उद्देश्य से बिना किसी को बताए दाह संस्कार करने का फैसला किया। जब अन्य बेटों को इसकी भनक लगी तो वे तुरंत श्मशान पहुंचे और अंतिम संस्कार रुकवाया।
पोते के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज, हिरासत में पूछताछ जारी
पुलिस ने मृतका के पुत्र नत्थाराम की शिकायत पर पोते सुरेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। आरोपी सुरेश मजदूरी का काम करता है।