पुलिस–बजरी माफिया गठजोड़ का पर्दाफाश, कांस्टेबल का उगाही वाला ऑडियो वायरल — 10 हजार में ट्रैक्टर छोड़ने की डील….
जालोर जिले के जसवंतपुरा थाना क्षेत्र से पुलिस और बजरी माफियाओं की कथित सांठगांठ का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। सुंधा माता चौकी में तैनात एक कांस्टेबल का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें अवैध बजरी ले जाने वालों से महीने–महीने उगाही और ट्रैक्टर छोड़ने के लिए 10 हजार रुपए की मांग की बातचीत सुनाई दे रही है। ऑडियो वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
कांस्टेबल पर उगाही के आरोप
कथित वायरल ऑडियो में कांस्टेबल भंवरलाल विश्नोई अवैध बजरी परिवहन करने वाले एक व्यक्ति से बातचीत कर रहा है। ऑडियो के अनुसार, कुछ दिन पहले कांस्टेबल ने बजरी से भरे एक ट्रैक्टर को पकड़ा था। इसके बाद 10 हजार रुपये में ट्रैक्टर छोड़ने की बात तय हुई, लेकिन चालक ने पैसे नहीं दिए। इसी मामले को लेकर कांस्टेबल नाराजगी जताते हुए बातचीत करता सुनाई दे रहा है।
मंथली वसूली का खुला खेल
वायरल ऑडियो में कांस्टेबल स्पष्ट रूप से कह रहा है कि पिछले महीने और इस महीने की ‘मंथली’ अभी बाकी है। वह अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहता है कि “नहीं दोगे तो कहां जाओगे।” इससे पुलिस की बजरी माफियाओं से गहरी सांठगांठ और नियमित वसूली का संकेत मिलता है।
जालोर में ऐसे मामले पहले भी सामने आए
यह पहला मामला नहीं है जब जसवंतपुरा थाना क्षेत्र पुलिस–बजरी माफिया संबंध विवादों में आया हो। 2020 में तत्कालीन थानाधिकारी साबिर मोहम्मद का ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमे वह एक महिला पर दोस्ती का दबाव डालते और बदले में बजरी ट्रैक्टर दिन में छोड़ने की बात कहते सुने गए। उस मामले में तत्कालीन एसपी ने कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी को निलंबित किया था।
कांस्टेबल और व्यक्ति की वायरल बातचीत
वायरल ऑडियो में दोनों के बीच 2 मिनट 46 सेकंड की बातचीत है, जिसमें भुगतान को लेकर समझौता, बहाने और नाराजगी के कई संकेत मिलते हैं। बातचीत में कांस्टेबल यह भी कहता है कि “मैंने 10 का ही बोला है, 5 मेरे खाते में नहीं करने।” वह बार–बार कहता है कि सामने आकर बात कराओ ताकि मामला साफ हो सके।
व्यक्ति यह भी स्वीकार करता है कि उसके ट्रैक्टर कई बार पकड़े जा चुके हैं और वह खुद परेशान है। बातचीत के दौरान दोनों बार–बार एक तीसरे व्यक्ति जयसिंह और राजू का नाम लेते हैं, जिनके माध्यम से पैसे तय किए गए बताए जाते हैं।
विभाग ने ली जानकारी, जांच शुरू
उच्चाधिकारियों ने बताया कि ऑडियो के बारे में जानकारी मिल गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ऑडियो कितने दिन पुराना है और आवाज किसकी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कांस्टेबल पर विभागीय कार्रवाई की संभावना है।