STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकगुरुवार, 12 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

जयपुर में पिता की हत्या का बदला लेने के लिए हिस्ट्रीशीटर का मर्डर, मुख्य आरोपी सहित 4 गिरफ्तार

जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनीश गोलिया सहित चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के मुताबिक, अनीश ने वर्ष 2019 में अपने पिता कैलाश गोलिया की हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात की साजिश रची थी। आरोपियों ने बुधवार रात रावण गेट के पास कैंपर से विजय की कार को टक्कर मारकर रोका। इसके बाद कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिस ने करीब आठ घंटे में आरोपियों को पकड़ लिया और वारदात में इस्तेमाल कैंपर जब्त कर ली।

2019 में पिता की हत्या के बाद से बदले की फिराक में था बेटा
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • 7 साल पुरानी रंजिश का बदला! जयपुर में हिस्ट्रीशीटर की कुल्हाड़ी से हत्या
  • पिता की हत्या का बदला लेने के आरोप में बेटा गिरफ्तार, तीन साथी भी पकड़े गए
  • कैंपर से पीछा किया, कार में मारी टक्कर और फिर कुल्हाड़ी से हमला

JAIPUR,12 NOV. 2026:

2019 में पिता की हत्या के बाद से बदले की फिराक में था बेटा

जयपुर पश्चिम के डीसीपी प्रशांत किरण के अनुसार, मृतक विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। जांच में सामने आया कि वर्ष 2019 में शराब के ठेके के विवाद को लेकर विजय ने कैलाश गोलिया की हत्या की थी।उस समय कैलाश का बेटा अनीश करीब 14 साल का था। पुलिस के मुताबिक, पिता की हत्या के बाद से ही अनीश विजय से रंजिश रखता था। वह अपने साथियों के साथ पहले भी कई बार विजय पर हमला करने की कोशिश कर चुका था। इस बार उसने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

कैंपर से पीछा कर रावण गेट के पास रोकी कार

पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात विजय बाजिया जोबनेर से जयपुर की ओर आ रहा था। आरोपी अनीश गोलिया और उसके साथी कैंपर गाड़ी से उसका पीछा कर रहे थे।रावण गेट के पास जगदंबा नगर में आरोपियों ने कैंपर से विजय की लग्जरी कार को टक्कर मारकर रोक दिया। विजय ने बचकर भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया। इसके बाद कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में विजय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कैंपर लेकर फरार हो गए।

मुख्य आरोपी सहित चार युवक गिरफ्तार

डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। करीब आठ घंटे की कार्रवाई के बाद गुरुवार सुबह लगभग 4 बजे चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

- अनीश गोलिया निवासी तिबारिया, जयपुर ग्रामीण

- कमलेश गोलिया निवासी तिबारिया, जयपुर ग्रामीण

- युवराज चौधरी निवासी तिबारिया, जयपुर ग्रामीण

- दिनेश चौधरी उर्फ दीनू निवासी हिंगोनिया

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कैंपर भी जब्त कर ली है। पूछताछ में आरोपियों की ओर से 7007 नाम से गैंग बनाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चारों युवकों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

वारदात के बाद छिपे, फिर थाने पहुंचने की तैयारी में थे आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद चारों आरोपी किसी स्थान पर छिप गए थे। उन्हें लगातार पुलिस कार्रवाई का डर था। वे थाने में आत्मसमर्पण करने की तैयारी कर रहे थे।इसी दौरान पुलिस की नजर उनकी कैंपर गाड़ी पर पड़ गई। पुलिस ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

विजय बाजिया के खिलाफ दर्ज थे 15 मुकदमे

पुलिस जांच के मुताबिक, विजय बाजिया जोबनेर का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में कुल 15 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। उसका करीब 10 साल का आपराधिक रिकॉर्ड था।विजय पर कैलाश गोलिया की हत्या के अलावा एक अन्य हत्या का मामला भी चल रहा था। पुलिस के अनुसार, प्रॉपर्टी विवादों को लेकर भी उसे धमकियां देने के आरोपों की जानकारी सामने आई है। उसका कुछ आपराधिक गैंगों से संपर्क होने की बात भी जांच में सामने आई है।

कालवाड़ में किराए पर फ्लैट लेकर कर रहा था प्रॉपर्टी का काम

जांच में सामने आया कि विजय बाजिया कालवाड़ इलाके में फ्लैट किराए पर लेकर प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहा था। रंजिश के चलते उस पर पहले भी तीन-चार बार हमले होने की बात सामने आई है।बुधवार रात वह जोबनेर से जयपुर आ रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसका पीछा किया और रावण गेट के पास उसकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक दिया। इसके बाद हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

सरपंच का चुनाव लड़ने की भी की थी तैयारी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विजय बाजिया ने जोबनेर की खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी की थी। इसके लिए उसने बैनर और पोस्टर भी छपवाए थे। हालांकि, बाद में उसने चुनाव नहीं लड़ा।अब पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश के अलावा गैंगवार के एंगल से भी जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के आपसी संपर्क और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का पक्ष

पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश के अलावा गैंगवार के एंगल से भी जांच कर रही है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।