राजगढ़ में संपन्न हुई अंतर महाविद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता, देव इंटरनेशनल कॉलेज ने पुरुष व महिला दोनों वर्गों में बाजी मारी
राज ऋषि भर्तहरि मत्स्य विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) शनिवार को राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के खेल मैदान में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य के.एल. मीणा ने की।
प्रतियोगिता में दोनों वर्गों की कई टीमों ने हिस्सा लिया।
विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिनिधि गोरधन बैसला, आब्जर्वर महेश गुर्जर और निर्णायक कृष्णा चौधरी मौजूद रहे और प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संचालित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खेल प्रभारी डॉ. भगत सिंह ने प्रतियोगिता की रूपरेखा और प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सभी खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखने एवं टीमवर्क के साथ खेलने की अपील की।
पुरुष वर्ग में देव इंटरनेशनल कॉलेज अलवर की टीम विजेता रही, जबकि बाबू शोभाराम राजकीय महाविद्यालय अलवर उपविजेता बना।
महिला वर्ग में भी देव इंटरनेशनल कॉलेज अलवर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय महाविद्यालय लक्ष्मणगढ़ (अलवर) की टीम उपविजेता रही।
खेल संयोजक जगत सिंह मीणा ने बताया कि प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है।