#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

हनुमान सर्किल पर तेज रफ्तार कार का कहर, पैदल जा रही महिला की मौत; बेटे की शादी की तैयारी मातम में बदली…

हनुमान सर्किल से सामोला की ओर जाने वाले मार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही एक महिला को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान देवखेड़ा निवासी सोना देवी के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सोना देवी अगले महीने 27 मार्च को होने वाली अपने छोटे बेटे की शादी की तैयारियों के सिलसिले में हनुमान सर्किल स्थित बैंक में लोन के संबंध में बातचीत करने गई थीं। बैंक से लौटते समय जब वह हनुमान सर्किल से अपने गांव देवखेड़ा जा रही थीं, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है। कार चालक के फरार होने की बात सामने आ रही है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *