#क्राइम

अलवर के बुध विहार कांजी हाउस में बड़ी लापरवाही: 4 दिन तक टेंपो में सड़ते रहे मृत गोवंश, शिकायत के बाद हरकत में आया निगम

अलवर शहर के बुध विहार स्थित कांजी हाउस में प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक लोडिंग टेंपो में चार मृत गोवंश पिछले चार दिनों से पड़े सड़ रहे थे, जिससे पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई। हालात ऐसे हो गए कि आसपास रहने वाले लोग खाना तक नहीं खा पा रहे थे और रात में सोना भी मुश्किल हो गया था।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। स्थानीय कॉलोनीवासियों ने रविवार सुबह नगर निगम को शिकायत दी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और मृत गोवंश को कांजी हाउस से हटवाया गया। हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि चार दिनों तक किसी अधिकारी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

पास में रहने वाले धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि कांजी हाउस की दीवार से सटे उनके घर में बदबू इतनी ज्यादा फैल गई थी कि घर के अंदर रहना मुश्किल हो गया था। वहीं, स्थानीय निवासी विनय कुमार ने बताया कि कांजी हाउस में पहले भी सफाई व्यवस्था खराब रही है और कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं।

मामले में नगर निगम कमिश्नर सोहन सिंह नरूका ने कहा कि उन्हें पहले इस स्थिति की जानकारी नहीं थी। शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए मृत गोवंश को हटवा दिया गया है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *