#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

गोविंदगढ़ (अलवर) – पानी और बिजली संकट पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरा आक्रोश

अलवर जिले के गोविंदगढ़ क्षेत्र के न्याणा गांव में शनिवार को पेयजल व बिजली की भारी किल्लत से परेशान महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सीकरी–गोविंदगढ़ मार्ग पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं।

पानी और बिजली की समस्या पर महिलाओं का हल्ला-बोल

गांव की महिलाओं ने सड़क पर खड़े होकर पीने के पानी की उपलब्धता और नियमित बिजली आपूर्ति की मांग उठाई। उनका कहना है कि पिछले कई महीनों से पाइपलाइन नहीं होने के कारण पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

चार महीने पहले दो बोरिंग, फिर भी पानी नदारद

प्रदर्शनकारी सुनीता और सन्तरा देवी ने बताया कि गांव में चार महीने पहले दो बोरिंग हो चुके हैं, लेकिन आज तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई। सर्दियों में भी पानी का संकट बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली कटौती से घरेलू कामकाज प्रभावित

महिलाओं का कहना है कि दिन में केवल सिंगल फेस बिजली मिल रही है, जिससे न तो मोटरें चल पाती हैं और न ही घरेलू काम सुचारु रूप से हो पा रहे हैं। ग्राम पंचायत और अधिकारियों को शिकायत के बावजूद किसी ने समस्या का समाधान नहीं किया।

ठेकेदार के पास पाइपलाइन नहीं, सरपंच प्रतिनिधि ने दी सफाई

सरपंच प्रतिनिधि ने बताया कि जल जीवन मिशन (JJM) योजना के तहत ठेकेदार को पाइपलाइन डालने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन ठेकेदार का कहना है कि उसके पास पाइपलाइन उपलब्ध नहीं है, इसलिए काम रुका हुआ है। बोरिंग लंबे समय पहले हो चुके हैं, पर गांव अभी भी पानी के लिए तरस रहा है।

प्रशासन हरकत में—तहसीलदार ने मांगे लिखित में, कार्रवाई का आश्वासन

सूचना पर गोविंदगढ़ थानाधिकारी राजपाल सिंह और तहसीलदार बसंत कुमार मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने महिलाओं से उनकी समस्याएं लिखित में देने को कहा और शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *