दाऊद के खास इकबाल मिर्ची पर ED का शिकंजा, 700 करोड़ की संपत्ति जब्त
मुंबई की तीन बड़ी इमारतें कुर्क
ईडी के अनुसार, वर्ली स्थित तीन प्रमुख इमारतें — राबिया मेंशन, मरियम लॉज और सी व्यू — को कुर्क किया गया है। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 497 करोड़ रुपये बताई गई है।
इसके अलावा दुबई में स्थित करीब 203 करोड़ रुपये की विदेशी संपत्तियों को भी Fugitive Economic Offenders Act के तहत अटैच किया गया है।
दाऊद इब्राहिम का करीबी माना जाता था इकबाल मिर्ची
Dawood Ibrahim का करीबी माने जाने वाले इकबाल मिर्ची पर ड्रग्स तस्करी, अवैध हथियार, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े गंभीर आरोप रहे हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि अपराध से कमाए गए पैसे को भारत और विदेशों में संपत्तियां खरीदने में लगाया गया।
ब्रिटेन भाग गया था मिर्ची
ईडी के मुताबिक, इकबाल मिर्ची भारत छोड़कर ब्रिटेन चला गया था। जांच में सामने आया कि उसकी संपत्तियां परिवार, रिश्तेदारों और सहयोगियों के नाम पर खड़ी की गई थीं।
6.5 लाख में खरीदी गई थी करोड़ों की जमीन
जांच एजेंसी ने दावा किया कि 1986 में वर्ली के प्लॉट सिर्फ 6.5 लाख रुपये में खरीदे गए थे। बाद में कथित तौर पर “केयरटेकर एग्रीमेंट” बनाकर असली नियंत्रण छिपाने की कोशिश की गई।
दुबई में भी करोड़ों की संपत्ति
ईडी ने दुबई के बुर दुबई इलाके में स्थित “होटल मिडवेस्ट अपार्टमेंट” का भी जिक्र किया है, जिसकी कीमत लगभग 233 करोड़ रुपये बताई गई। यह संपत्ति परिवार के कई सदस्यों के नाम पर दर्ज बताई जा रही है।