राजस्थान युवा शक्ति दिवस पर अलवर में जिला स्तरीय कार्यक्रम, युवाओं को मिले कौशल प्रमाण पत्र
अलवर, 17 मार्च। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को प्रताप ऑडिटोरियम में राजस्थान युवा शक्ति दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को समर्पित 485 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। साथ ही राजकीय विधि महाविद्यालय, अलवर में 1.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 6 नए कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर राज्य सरकार की संस्थाओं आरसीएटी, आरकेसीएल और आरएसएलडीसी के माध्यम से एआई कोर्स और वेब डिजाइनिंग जैसी विधाओं में प्रशिक्षित 9,432 युवाओं को कौशल उन्नयन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा 403 स्टार्टअप्स को वायबिलिटी गैप फंड के रूप में 11.45 करोड़ रुपये प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत प्रथम लाभार्थी को चेक भी सौंपा गया और ‘युवाओं का उत्थान’ लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र दिए गए। आरएसएलडीसी के प्रबंधक अभिनव दीक्षित ने बताया कि युवाओं की स्किल डेवलपमेंट के लिए निरंतर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस दौरान सतवंत सिंह, सोनू कंवर, खूशबू और निकिता को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कौशल प्रशिक्षण से पहले उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर नहीं मिल पा रहे थे, लेकिन अब प्रशिक्षण और प्रमाण पत्र मिलने के बाद उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुल गए हैं। उन्होंने सरकार की इस पहल को युवाओं के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम बीना महावर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रविंद्र, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, उपखंड अधिकारी माधव भारद्वाज, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. दिनेश सूद सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्मिक उपस्थित रहे।