जिला प्रभारी मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने किया हाईटेक नर्सरी का अवलोकन…
कृषि क्षेत्र में नवाचारों व आधुनिक तकनीक को अपनाने पर दिया जोर
अलवर 15 नवम्बर। जिला प्रभारी मंत्री व कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने आज जिले के दौरे पर रहकर मालाखेडा के ग्राम सुमेर में स्थानीय कृषक श्री राम सिंह मीना द्वारा विकसित हाईटेक नर्सरी का अवलोकन किया।
जिला प्रभारी मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने कृषक से बातचीत कर हाईटेक नर्सरी को विकसित करने की जानकारी लेकर इस तरह के कार्य से अन्य किसानों को भी अवगत कराकर उन्हें बागवानी क्षेत्र में नवाचार अपनाने पर जोर दिया तथा हाइटेक नर्सरी विकसित करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कृषि विभाग के उप निदेशक को निर्देश दिये कि कृषि क्षेत्र में नवाचारों व आधुनिक तकनीक को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु कृषकों को कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की अनुदान योजनाओं के बारे में अवगत कराकर उन्हें लाभांवित कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जावे। इससे पूर्व उन्होंने मोती डूंगरी स्थित मीणा छात्रावास का अवलोकन कर छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान कृषि विभाग के उप निदेशक श्री पी.सी मीणा, उद्यान विभाग के उप निदेशक श्री कन्हैयालाल मीणा सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय किसान मौजूद रहे।