जिला कलक्टर की संवेदनशीलता दिखी — सर्दी में रैन बसेरे पहुंचकर लोगों से मिलीं, व्यवस्थाओं का लिया जायजा और दी नए साल की शुभकामनाएं
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज सर्दी के मौसम को देखते हुए अलवर शहर के केडलगंज स्थित रैन बसेरे और अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे जरूरतमंद लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और नए साल की शुभकामनाएं भी दीं।
निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि रैन बसेरे में कम्बल, बिस्तर समेत आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कहा कि नए साल के अवसर पर रैन बसेरे में नई बाल्टी, मग्गा और साबुन की व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए तथा उसकी तस्वीर भी प्रेषित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से रैन बसेरे और शौचालय की स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर पूरा ध्यान रखने के निर्देश जारी किए। रैन बसेरे में ठहरे लोगों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।
इसके बाद जिला कलक्टर ने नजदीक स्थित अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने वहां भोजन कर रहे व्यक्तियों से स्वाद एवं गुणवत्ता संबंधी जानकारी ली और उन्हें भी नए साल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।