बहाला रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर का जनसंवाद, समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश….
रामगढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत बहाला में आयोजित रात्रि चौपाल ग्रामीणों के लिए राहत और उम्मीद लेकर आई। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर आमजन की परिवेदनाएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए। चौपाल के दौरान कई मुद्दों पर मौके पर ही निर्णय लेकर प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली।
रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड स्थित ग्राम पंचायत बहाला में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने ग्राम बहाला सहित आसपास के क्षेत्रों से आए ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, रसद, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाओं का फीडबैक लिया।
विद्युत आपूर्ति की शिकायतों पर सख्त रुख
जनसुनवाई के दौरान घरेलू एवं कृषि विद्युत सप्लाई की अनियमितता, बार-बार ट्रिपिंग और सुबह कम वोल्टेज की शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। इस पर जिला कलक्टर ने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि वे अगले ही दिन अपनी टीम के साथ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जांच करें और व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करें।
जल जीवन मिशन के कार्य तीन माह में पूरे होंगे
ग्राम पंचायत बहाला में पेयजल समस्या के समाधान को लेकर जिला कलक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को आगामी तीन माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की तुरंत मरम्मत की जाए, ताकि ग्रामीणों को असुविधा न हो। ग्राम सांखला (सपेरा बस्ती) में नई बोरिंग के प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिए गए।
सरकारी स्कूल को नए साल में मिलेगा खेल मैदान
रात्रि चौपाल में ग्राम बहाला के सरकारी स्कूल में खेल मैदान नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। इस पर जिला कलक्टर ने बीडीओ को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत से खेल मैदान हेतु प्रस्ताव तैयार कर नगर विकास न्यास को भिजवाया जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि नए साल में खेल मैदान के लिए भूमि आवंटन के साथ-साथ जिला परिषद के माध्यम से उसका विकास भी कराया जाएगा।
बंदरों की समस्या पर वन विभाग से समन्वय के निर्देश
ग्राम पंचायत क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती समस्या पर जिला कलक्टर ने बीडीओ को वन विभाग से समन्वय कर बंदरों को अन्यत्र शिफ्ट कराने की कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने, पेंशन और सामाजिक योजनाओं से जुड़ी परिवेदनाएं भी सामने आईं, जिन पर त्वरित निस्तारण के आदेश दिए गए।
बस्करी को मिला नाम शुद्धि प्रमाण पत्र
रात्रि चौपाल के दौरान ग्राम बहाला निवासी बस्करी ने राजस्व रिकॉर्ड में नाम की अशुद्धि की शिकायत की। जिला कलक्टर के निर्देश पर तहसीलदार ने मौके पर ही रिकॉर्ड दुरुस्त कर नाम शुद्धि प्रमाण पत्र जारी किया। तत्काल समाधान से बस्करी के चेहरे पर खुशी साफ झलकी।
केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी
चौपाल में विभागीय अधिकारियों ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान, किसानों से जुड़ी योजनाओं सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से प्रशासन गांव की ओर अभियान और ग्रामीण समस्या समाधान शिविरों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीएम प्रथम मुकेश कायथवाल, जिला परिषद सीईओ सालूखे गौरव रविन्द्र, नगर विकास न्यास सचिव धाईगुडे स्नेहल नाना, उपखंड अधिकारी रामगढ़ बाबूलाल वर्मा सहित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।