#देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर के मोडिया गांव में अलाव तापते समय डीजल पीपी में धमाका, युवक गंभीर रूप से झुलसा

अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के मोडिया गांव में अलाव तापते समय बड़ा हादसा हो गया। 30 वर्षीय जगमोहन जांगिड़ अपने साथियों के साथ खेत पर अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहा था। इसी दौरान पास में रखी डीजल से भरी पीपी अचानक आग की चपेट में आ गई और तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गई।

विस्फोट इतना जबरदस्त था कि जगमोहन उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तुरंत मालाखेड़ा से अलवर के सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसे बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है।

चिकित्सकों के अनुसार जगमोहन का एक हाथ और एक पैर बुरी तरह झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसका उपचार कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मालाखेड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठंड से बचने के लिए अलाव जलाया गया था और उसके पास ही ज्वलनशील पदार्थ डीजल रखा हुआ था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अलाव या आग के पास ज्वलनशील वस्तुएं न रखें, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *