धौलपुर में 3 वोटों से हार के बाद बवाल, मतगणना केंद्र पर हमला कर मतपेटियां ले भागे समर्थक
राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र की नगर ग्राम पंचायत में मतगणना के दौरान जमकर हंगामा हुआ। सरपंच पद के चुनाव में महज तीन वोटों से हार-जीत का अंतर रहा। दोबारा मतगणना के बाद भी रजनी ने अन्नेश को तीन वोटों से हरा दिया। इसके बाद एक प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना केंद्र पर हमला कर दिया। आरोप है कि 40 से 50 लोग दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और पोलिंग पार्टी व पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला किया। हमलावर मतपेटियां लेकर फरार हो गए। हालांकि, बाद में मतपेटियां बरामद कर ली गईं।

मुख्य बातें
- सिर्फ 3 वोटों से हार पर बवाल, मतगणना केंद्र में घुसकर हमला
- धौलपुर में पंचायत चुनाव के नतीजे पर हिंसा, मतपेटियां लेकर भागे हमलावर
- दोबारा गिनती में भी 3 वोट से हार, समर्थकों ने तोड़ा मतगणना कक्ष का दरवाजा
DHOLPUR,17 NOV. 2026:
दोबारा मतगणना में भी तीन वोटों से जीतीं रजनी
घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। रिटर्निंग ऑफिसर रतन सिंह के अनुसार, प्रत्याशियों की मौजूदगी में बंद कमरे में मतगणना कराई जा रही थी।पहली मतगणना में रजनी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी अन्नेश को तीन वोटों से हराया। इसके बाद परिणाम से असंतुष्ट अन्नेश ने दोबारा मतगणना की मांग की।निर्वाचन नियमों के तहत दोबारा गिनती कराई गई। इसमें रजनी को 723 वोट मिले, जबकि अन्नेश को 720 वोट मिले। इस तरह दूसरी बार भी रजनी तीन वोटों से विजयी रहीं।
40 से 50 लोगों ने मतगणना कक्ष में किया हमला
आरोप है कि दोबारा मतगणना में भी हार मिलने के बाद अन्नेश के समर्थक भड़क गए। करीब 40 से 50 लोग मतगणना कक्ष के बाहर पहुंचे।
उन्होंने कथित तौर पर दरवाजा तोड़कर जबरन अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वहां मौजूद निर्वाचन कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।अचानक हुए हमले से मतगणना केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
रिटर्निंग ऑफिसर और दो पुलिसकर्मी घायल
हमले में रिटर्निंग ऑफिसर रतन सिंह घायल हो गए। उन्हें बचाने के लिए आगे आए मोबाइल पार्टी प्रभारी एएसआई श्रीकेश और कांस्टेबल सीताराम पर भी हमला किया गया।लाठी-डंडों से हुई मारपीट में दोनों पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घटना के बाद मतगणना केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मतपेटियां लेकर फरार हुए हमलावर, बाद में बरामद
हमले के दौरान आरोपी मतपेटियां लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सागवान मौके पर पहुंचे।रिटर्निंग ऑफिसर रतन सिंह के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से मतपेटियां बरामद कर ली गई हैं। पुलिस अधीक्षक विकास सागवान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।पुलिस अब हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस अब हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





