डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा बोले—2047 के विकसित भारत की नींव रखता है केंद्रीय बजट
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस शासन के दौरान देश आर्थिक दृष्टि से 11वें पायदान पर था, जबकि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से देश को तीसरे पायदान तक पहुंचाने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि यह बजट 2047 में विकसित भारत के सपने को साकार करने वाला है, जो देश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाएगा। बजट में समाज के हर वर्ग—महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों—का विशेष ध्यान रखा गया है और सभी को समान दृष्टि से मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस बजट में राजस्थान को भी कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। देश में तीन नए आयुर्वेदिक संस्थानों की घोषणा की गई है, जो एम्स के समकक्ष होंगे। इसके अलावा हर जिले में ट्रॉमा सेंटर और गर्ल्स हॉस्टल खोलने की घोषणा की गई है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि यह बजट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, स्वास्थ्य और शिक्षा को सशक्त करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने वाला बजट है।