सरिस्का के सीटीएच की स्पष्टता की मांग, किसान यूनियन ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन…
अलवर में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महामंत्री भूपत सिंह बालियान ने ग्रामीणों के साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर (द्वितीय) योगेश डागुर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सरकार द्वारा सरिस्का क्षेत्र के गांवों से जुड़ी जमीन को लेकर फैली अस्पष्टता पर गंभीर आपत्ति जताई और सीटीएच की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की।
भूपत सिंह बालियान ने बताया कि लगभग 55,000 हेक्टेयर भूमि को क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट (CTH) के रूप में दर्शाए जाने की चर्चा है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि इसमें कौन-सी जमीन आरक्षित है और कौन-सी अनारक्षित। ग्रामीणों को यह भी नहीं बताया गया है कि उन्हें किन बिंदुओं पर आपत्तियां दर्ज करनी हैं। इसी संबंध में आज एडीएम को ज्ञापन सौंपकर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों की भूमि इसमें शामिल हो रही है, उनके खसरा नंबरों की नकल, सिवायचक भूमि, और चारागाह भूमि का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए। बालियान ने स्पष्ट किया कि किसानों को सिवायचक भूमि पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन चारागाह की जमीन को CTH में शामिल करने पर कड़ा विरोध किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि आने वाले दिनों में ग्राम सभा की बैठक कर ग्रामीणों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। भूमि अधिग्रहण से होने वाले नुकसान और संभावित फायदे का आकलन कर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।