STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकबुधवार, 25 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

डीग जिला प्रमुख चुनाव में बड़ा उलटफेर, भाजपा की रेनू सिंह ने 22 वोट लेकर दर्ज की जीत

डीग जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा ने बड़ा सियासी उलटफेर कर दिया। जिला परिषद में कांग्रेस के पास 14 और भाजपा के पास सिर्फ 10 सीटें थीं। इसके बावजूद भाजपा प्रत्याशी रेनू सिंह ने 22 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मुबीना खान को हराया, जिन्हें केवल 7 वोट मिले। इस तरह बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल नहीं कर सकी। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग और अंदरूनी खींचतान की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मुख्य बातें

  • डीग में भाजपा का बड़ा उलटफेर, रेनू सिंह बनीं पहली जिला प्रमुख
  • 10 सीटों वाली भाजपा को मिले 22 वोट, कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग!
  • बहुमत के बाद भी कांग्रेस हारी, डीग में भाजपा ने कैसे पलटा खेल?

DEEG,25 NOV. 2026:

भाजपा की रेनू सिंह बनीं डीग की पहली जिला प्रमुख

डीग जिला परिषद के जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रेनू सिंह ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल 22 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मुबीना खान को 7 मत प्राप्त हुए।जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष के अनुसार, चुनाव में कुल 29 सदस्यों ने मतदान किया। सभी मत वैध पाए गए। कोई मत निरस्त या निविदत्त नहीं हुआ। इसके बाद रेनू सिंह को विधिवत जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित किया गया।नवगठित डीग जिला परिषद की पहली जिला प्रमुख बनने के साथ ही रेनू सिंह ने जिले की राजनीति में भाजपा को बड़ी सफलता दिलाई।

10 सीटों वाली भाजपा ने बहुमत का गणित पलटा

डीग जिला परिषद में कुल 29 सीटें हैं। चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को 10, बसपा को 1 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 4 सीटें मिली थीं।जिला प्रमुख बनने के लिए 15 सदस्यों का समर्थन जरूरी था। कांग्रेस 14 सीटों के साथ बहुमत के करीब थी। वहीं भाजपा के पास केवल 10 सदस्य थे।इसके बावजूद मतदान में भाजपा प्रत्याशी को 22 वोट मिले। इस परिणाम ने जिले के राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल दिए।

कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग से बदले चुनावी समीकरण

रेनू सिंह को मिले 22 वोटों ने कांग्रेस के भीतर क्रॉस वोटिंग की चर्चा तेज कर दी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भाजपा के 10 सदस्यों के अलावा 19 अन्य सदस्यों ने मतदान किया।इनमें 4 निर्दलीय और एक बसपा सदस्य शामिल थे। इसके अलावा कांग्रेस के 14 सदस्यों में से 7 सदस्यों ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया, ऐसा दावा किया जा रहा है।हालांकि, मतदान गोपनीय होने के कारण किस सदस्य ने किस उम्मीदवार को वोट दिया, इसकी व्यक्तिगत पुष्टि नहीं की जा सकती। चुनाव परिणाम ने कांग्रेस की अंदरूनी एकजुटता पर सवाल जरूर खड़े किए हैं।

रेनू सिंह का राजनीतिक समीकरणों में अहम स्थान

रेनू सिंह जिला परिषद के वार्ड नंबर 15 से निर्वाचित हुई हैं। वे होटल व्यवसायी भगत सिंह लोहागढ़ की पत्नी हैं।भाजपा ने जिला परिषद में बहुमत से पांच सीटें कम होने के बावजूद प्रत्याशी उतारा था। पार्टी ने निर्दलीय और बसपा सदस्यों का समर्थन जुटाने की रणनीति बनाई। इसके बाद चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में रहा।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।