STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकबुधवार, 25 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव:निकिता डूडी को कांग्रेस का टिकट, सरिता चौहान ने भी भरा नामांकन; पार्टी में बढ़ी हलचल

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। पार्टी ने निकिता डूडी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल की बेटी और जिला परिषद सदस्य सरिता चौहान ने भी नामांकन दाखिल कर दिया। इससे कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सबकी नजर नाम वापसी पर टिकी है।

मुख्य बातें

  • बीकानेर में कांग्रेस को झटका! निकिता डूडी के सामने सरिता चौहान ने भरा पर्चा
  • जिला प्रमुख चुनाव में डूडी-मेघवाल खेमों की लड़ाई खुलकर आई सामने
  • बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस मजबूत, फिर भी पार्टी में बगावत के संकेत

BIKANER,25 NOV. 2026:

निकिता डूडी को कांग्रेस ने बनाया अधिकृत उम्मीदवार

कांग्रेस ने बीकानेर जिला प्रमुख पद के लिए निकिता डूडी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। निकिता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष और दिग्गज कांग्रेस नेता स्वर्गीय रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू हैं। वे नोखा विधायक सुशीला डूडी की बहू भी हैं।हालांकि, इसी बीच पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान ने भी नामांकन दाखिल कर दिया। सरिता जिला परिषद सदस्य हैं। उनके इस कदम से कांग्रेस के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

डूडी और मेघवाल खेमों के बीच खींचतान

बीकानेर कांग्रेस में डूडी और मेघवाल खेमों के बीच खींचतान की चर्चा सामने आ रही है। हालांकि पर्यवेक्षक कुलदीप इंदौरा और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग सहित पार्टी के नेता एकजुटता का दावा कर रहे हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरिता चौहान अपना नामांकन वापस लेंगी या चुनावी मैदान में बनी रहेंगी। दोपहर एक बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

भाजपा ने धापू कंवर को बनाया प्रत्याशी

बीकानेर में भाजपा ने धापू कंवर को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं संतोष ने भी नामांकन दाखिल किया है। भाजपा की ओर से धापू देवी और संतोष के नाम से दो नामांकन दाखिल होने की जानकारी सामने आई है।हालांकि सीटों के आंकड़ों के लिहाज से भाजपा कांग्रेस से काफी पीछे है। बीकानेर जिला परिषद में कांग्रेस ने 30 सीटें जीती हैं। भाजपा को 8, आरएलपी को 2 और माकपा को एक सीट मिली है। इस तरह कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत हासिल है।

दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी, शाम को आएगा परिणाम

जिला प्रमुख चुनाव के लिए दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो जाएगी।यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं, तो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना कराई जाएगी। इसके बाद शाम को चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।

जिला परिषद परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चुनाव प्रक्रिया को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के अनुसार, जिला परिषद परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।इसके अलावा परिसर के बाहर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। पुलिस प्रशासन चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।