केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन”, विकास यात्रा पर हुआ मंथन
केंद्र सरकार के 12 वर्ष: अंत्योदय से विकसित भारत तक की यात्रा पर भाजपा का संकल्प सम्मेलन आयोजित
जिला मुख्यालय। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “12 वर्ष विकास के, विश्वास के और जनकल्याण के” रहा। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में लोकसभा सचेतक एवं सांसद डॉ. संजय जायसवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने केवल नीतिगत परिवर्तन ही नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था और कार्यशैली में भी व्यापक बदलाव देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निराशा के दौर से निकलकर आत्मनिर्भरता और विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह कालखंड देश के प्रत्येक नागरिक में विकास के प्रति विश्वास पैदा करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का रहा है। आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। आज गांवों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंच रहा है, एक्सप्रेसवे का विस्तार हो रहा है और आधुनिक रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही रक्षा, विज्ञान और डिजिटल तकनीक के क्षेत्रों में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण मीणा ने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है। अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए सरकार ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प अब देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प बन चुका है।
उन्होंने केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों को पक्के मकान तथा किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। यह सरकार के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को दर्शाता है।
जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक, सामाजिक और सामरिक क्षेत्रों में लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से आमजन का जीवन अधिक सुगम हुआ है तथा आर्थिक उन्नति को भी गति मिली है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रानू पाराशर तथा जिला संगठन प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।
सम्मेलन में पूर्व विधायक जय राम जाटव, बना राम मीणा, डॉ. के.के. गुप्ता, हरमीत मेहंदीरत्ता, देवेंद्र छाबड़ा, सुरेश जलालपुरिया, डॉ. के.के. शर्मा, डॉ. सुशील जैन, डॉ. माधवेंद्र गोस्वामी, डॉ. धनेश शर्मा, रमेश जुनेजा, सीए पियूष गर्ग, ओमप्रकाश गुप्ता, एडवोकेट नवनीत तिवारी, एडवोकेट प्रशांत यादव, एडवोकेट विक्रांत माथुर, एडवोकेट जितेंद्र शर्मा, एडवोकेट शेर सिंह, रमेश वाल्मीकि, कुंदनलाल जाटव, घमंडी लाल किराड़, प्रधान श्लोक सिंह, शेर सिंह जायसवाल, अशोक आहूजा, सुरेश मेहता, राजीव प्रजापत, गुलशन मदान, भाजपा पदाधिकारी नरेश गोयल, जिला संयोजक मुकेश विजय, हुकुम फागना, प्रमोद विजय, आनंद बेनीवाल, नरेश धानवत, मुन्नालाल शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक, चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षक, साहित्यकार, समाजसेवी एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री ऋषिराज शर्मा ने किया।यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने दी।