भूपेंद्र यादव ने भिवाड़ी में बाबा मोहनराम के किए दर्शन, बीडा स्टेडियम का किया निरीक्षण
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को भिवाड़ी दौरे के दौरान बाबा मोहनराम मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
इससे पहले उन्होंने भिवाड़ी स्थित बीडा स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने एथलेटिक्स ट्रैक, स्पोर्ट्स कोर्ट सहित विभिन्न खेल सुविधाओं का अवलोकन किया और वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बीडा स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
दौरे के दौरान भूपेंद्र यादव ने आशियाना आंगन स्थित दुर्गा माता मंदिर में आयोजित सर्व देव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भी भाग लिया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने आयोजन की सफलता की कामना करते हुए क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें –Alwar News: फार्म पॉन्ड में डूबने से दो मासूमों की मौत, द्वारापुर गांव में पसरा मातम